प्रथम गांव माणा के पास हुई हिमस्खलन की घटना के बाद केंद्र सरकार बचाव एवं राहत कार्यों पर बराबर नजर बनाए हुए है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार सुबह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर हिमस्खलन की घटना और बचाव अभियान के संबंध में जानकारी ली।मुख्यमंत्री धामी के अनुसार प्रधानमंत्री ने केंद्र की ओर से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी हिमस्खलन में फंसे श्रमिकों की सुरक्षित निकासी के लिए चिंतित हैं और वे भी निरंतर अपडेट ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने केंद्र की ओर से दिए जा रहे सहयोग के लिए प्रधानमंत्री, गृह मंत्री व रक्षा मंत्री के प्रति आभार जताया है।
मुख्यमंत्री धामी निरंतर सक्रिय
माणा में हिमस्खलन की घटना की सूचना मिलने के बाद से मुख्यमंत्री धामी निरंतर सक्रिय हैं और बचाव अभियान की निरंतर मानीटरिंग कर रहे हैं। शुक्रवार को उन्होंने दो बार राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंचकर बचाव एवं राहत कार्यों का जायजा लिया। वह चमोली के डीएम से भी लगातार अपडेट लेते रहे।
शनिवार सुबह मौसम अनुकूल होते ही उन्होंने घटनास्थल का हवाई निरीक्षण किया और फिर देहरादून पहुंचकर राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बचाव एवं राहत कार्यों की समीक्षा की।
बचाव अभियान में जुटे 200 से ज्यादा लोग
इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हिमस्खलन की चपेट में आए सभी श्रमिकों को सुरक्षित निकालने को अभियान जारी है। सेना, आइटीबीपी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ समेत विभागों के 200 से ज्यादा लोग बचाव अभियान में जुटे हैं। उन्होंने बताया कि घटनास्थल के पास आठ कंटेनर थे, जिन्हें ट्रेस कर श्रमिकों को सुरक्षित निकालने को युद्ध स्तर पर कार्य चल रहा है।
कंटेनर की तलाश को स्निफर डाग की तैनाती की गई है। सेना की तीन टीमें सघन पेट्रोलिंग कर रही हैं। दिल्ली से सेना का जीपीआर राडार भी मंगाया गया है। रविवार को जीपीआर, थर्मल इमेजिंग व विक्टिम लोकेशन कैमरा के जरिए खोज अभियान चलाया जा रहा है। इस बीच मुख्यमंत्री ने देर शाम आपदा प्रबंधन सचिव से अपडेट लिया।
You may also like
-
उत्तराखंड के पूर्व विधायक सुरेश राठौर गिरफ्तार, अंकिता भंडारी मर्डर केस से जुड़ा है मामला
-
मसूरी में कूड़े के ढेर में लगी भीषण आग, रात भर चला बुझाने का काम, मची अफरा-तफरी
-
जंगलों से दिखेगा ब्रह्मांड का नजारा, वन महकमा कर रहा नया पर्यटन मॉडल तैयार
-
मसूरी में कार की सनरूफ से शराब की बोतल लहराने वाले युवक का चालान, गाड़ी भी हुई सीज
-
मसूरी में कार सवार पर्यटकों का हुड़दंग, सनरूफ पर शराब की बोतल लहराते दिखा अर्धनग्न युवक