हरिद्वार में पिछले दिनों 2 लग्जरी बसों में आग लगी थी, इसके बाद परिवहन विभाग ने 6 और 7 जून को चेकिंग अभियान चलाया
हरिद्वार: पिछले दिनों हरिद्वार में 2 लग्जरी बसों में आग लगने की घटनाएं सामने आई थीं. इसके बाद परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. डीएम मयूर दीक्षित के निर्देश पर चेकिंग अभियान चलाकर टीम ने 45 बसों के चालान किए हैं. 06 बसें सीज की गई हैं और 05 वाहनों के फिटनेस प्रमाण पत्र निरस्त कर दिए गए हैं.
हरिद्वार में लग्जरी बसों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि जनपद हरिद्वार में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने, यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा यात्री वाहनों के सुरक्षित एवं नियमबद्ध संचालन के उद्देश्य से 06 एवं 07 जून को लग्जरी एवं अन्य यात्री बसों के विरुद्ध विशेष सघन प्रवर्तन अभियान संचालित किया गया. नेहा झा, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), हरिद्वार एवं कृष्णा पलारिया, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी, रुड़की के नेतृत्व में परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीमों, इंटरसेप्टर वाहनों तथा तकनीकी निरीक्षण दलों द्वारा संयुक्त रूप से संचालित किया.
परिवहन विभाग ने चलाया चेकिंग अभियान: अभियान के अंतर्गत हरिद्वार, रुड़की, राष्ट्रीय राजमार्गों, प्रमुख यात्री मार्गों, बस अड्डों तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर संचालित लग्जरी बसों एवं यात्री वाहनों का निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, कर अदायगी, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र, चालक अनुज्ञप्ति, स्पीड गवर्नर, जीपीएस, सीसीटीवी कैमरा, अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन निकास व्यवस्था तथा अन्य अनिवार्य सुरक्षा मानकों का गहन जांच की गई.
45 लग्जरी बसों का चालान, 6 सीज की गईं: जांच के दौरान अनेक वाहनों में विभिन्न प्रकार की तकनीकी एवं वैधानिक अनियमितताएं पाई गईं, जिन पर मोटर वाहन अधिनियम एवं नियमों के अंतर्गत नियमानुसार कार्रवाई की गई. विशेष अभियान के दौरान कुल 45 बसों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई. गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर 06 बसों को सीज किया गया. इसके अतिरिक्त तकनीकी मानकों के अनुरूप न पाए जाने वाले 05 वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र निरस्त किए जाने हेतु सक्षम प्राधिकारी को संस्तुति प्रेषित की गई है.
सड़क सुरक्षा से समझौता नहीं: अभियान के दौरान विशेष रूप से यह सुनिश्चित किया गया कि यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े सभी मानकों का पूर्ण अनुपालन हो तथा सार्वजनिक परिवहन प्रणाली में सुरक्षा एवं अनुशासन को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके. परिवहन विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया कि सड़क सुरक्षा के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन स्वामियों एवं संचालकों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार के सघन प्रवर्तन अभियान निरंतर जारी रहेंगे.
वाहनों का नियमित निरीक्षण करने का आदेश: निखिल शर्मा ने समस्त वाहन स्वामियों एवं संचालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के समस्त अभिलेख अद्यतन रखें, वाहनों का नियमित अनुरक्षण कराएं तथा निर्धारित सुरक्षा एवं तकनीकी मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करें. नियमों का पालन न केवल दुर्घटनाओं में कमी लाने में सहायक होगा, बल्कि यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.
You may also like
-
18 अगस्त को लॉन्च हो सकती है 2026 Skoda Slavia फेसलिफ्ट, डिजाइन और फीचर्स में होंगे अपडेट
-
सावन में आस्था का अद्भुत संगम! मां अलकनंदा ने किया कोटेश्वर महादेव का जलाभिषेक, गुफा तक पहुंची नदी
-
बारिश का कहर! रुद्रप्रयाग में डेंजर लेवल के पास अलकनंदा, केदारनाथ यात्रा प्रभावित, मसूरी में मलबे में समाया रेस्टोरेंट
-
देहरादून में 16 करोड़ का पुल 16 दिन में ध्वस्त, पहली बारिश ही नहीं झेल सका, डीएम ने दिए कार्रवाई के निर्देश
-
Alert issued for very heavy rainfall in Uttarakhand; Char Dham Yatra suspended for two days; risk of flash floods.