हरिद्वार सिडकुल क्षेत्र में युवक युवती के आपसी विवाद मामले पुलिस ने सख्त एक्शन लेते हुए आरोपियों को अरेस्ट कर लिया है.
हरिद्वार: सिडकुल क्षेत्र में सड़क पर सरेआम हंगामा, हुड़दंग और मारपीट कर क्षेत्र को जंग का मैदान बनाने वाले नौ लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों में सात पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं. हालांकि मारपीट करने वाले दोनों पक्षों ने पुलिस को शिकायत नहीं दी लेकिन घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और मौके पर पहुंचकर वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान की. पुलिस ने सभी के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की है.
घटना बीती 27 अगस्त की बताई जा रही है. सिडकुल थाना क्षेत्र में महिला और पुरुषों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था. विवाद के बाद दोनों पक्ष सड़क पर आमने सामने आ गए थे. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई. सड़क पर लात घूंसे और बेल्ट चली. इतना ही नहीं मारपीट में महिलाएं भी शामिल थी. काफी देर तक दोनों पक्षों में हंगामा हुआ और जमकर हुड़दंग मचाया गया था.
इस दौरान वहां से गुजर रहे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. मारपीट और हंगामे को देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. कुछ राहगीरों ने आरोपितों का विरोध कर उन्हें शांत कराने का प्रयास भी किया, लेकिन विवाद कर रहे लोग नहीं माने. इसी दौरान किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए हरिद्वार पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई शुरू की.
सिडकुल थाना प्रभारी अजय शाह ने बताया कि
सार्वजनिक स्थानों पर कानून व्यवस्था और शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. सड़क पर हुड़दंग कर आमजन की परेशानी बढ़ाने और शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश कर दिया गया है.
-अजय शाह,सिडकुल थाना प्रभारी-
पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और वीडियो और आसपास से मिली जानकारी के आधार पर हंगामा करने वालों को चिह्नित किया. इसके बाद नौ लोगों को हिरासत में ले लिया गया. सभी आरोपित वर्तमान में सिडकुल क्षेत्र के अलग अलग इलाकों में रह रहे थे. सिडकुल की कंपनियों में ही काम करते हैं बताया जा रहा है कि युवतियों को लेकर यह विवाद शुरू हुआ था.
You may also like
-
बारिश पर भारी पड़ रही बाबा केदार के भक्तों की आस्था, 14 लाख से अधिक श्रद्धालु कर चुके दर्शन
-
उत्तराखंड में दर्दनाक हादसा, भारी बारिश से मकान में घुसा मलबा, तीन लोगों की मौत
-
देहरादून में बाढ़ में 2 किमी दूर तक बही कार, युवक-युवती की मौत, एक युवती चमत्कारी ढंग से बची
-
मार्गदर्शी चिट फंड की 133वीं शाखा का उद्घाटन: एमडी शैलजा किरण ने कर्मचारियों को दिया सफलता का मंत्र
-
उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट, इन जिलों में स्कूलों की छुट्टी का आदेश जारी
