1 अक्टूबर से FD पर RBI का नया नियम लागू होगा, बैंकों को सुबह 10:10 तक ब्याज दरें बदलनी होंगी; पूरी जानकारी नीचे पढ़ें…
हैदराबाद: यदि आप भी अपनी गाढ़ी कमाई को सुरक्षित रखने और तय रिटर्न के लिए फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) में निवेश करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है. आने वाली 1 अक्टूबर 2026 से देश में बैंकिंग से जुड़े कई बड़े बदलाव होने जा रहे हैं. भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) एफडी के नियमों में बड़ा संशोधन करने जा रहा है, जिसके बाद बैंकों को नए नियमों के तहत ही फिक्स्ड डिपॉजिट स्कीम चलानी होंगी.
इस नए बदलाव में ‘बल्क डिपॉजिट’ यानी थोक जमा की सीमा से लेकर ब्याज दरों को तय करने और उन्हें सार्वजनिक करने के तरीकों में पारदर्शिता लाई जा रही है. आइए समझते हैं कि 1 अक्टूबर से लागू होने वाले इस नए नियम का आपके ऊपर क्या असर पड़ेगा.
अब 3 करोड़ रुपये से ऊपर की जमा राशि मानी जाएगी ‘बल्क डिपॉजिट’
आरबीआई द्वारा जारी नए दिशा-निर्देशों के मुताबिक, अब ‘बल्क डिपॉजिट’ की परिभाषा बदल गई है.
- क्या है नया नियम: अब 3 करोड़ रुपये या उससे अधिक की एफडी को बल्क डिपॉजिट की श्रेणी में रखा जाएगा. इससे पहले यह सीमा 2 करोड़ रुपये थी.
- बैंकों को छूट: इस बदलाव के बाद बैंकों को लिक्विडिटी कवरेज रेशियो (LCR) ढांचे के तहत डिफरेंशियल रन-ऑफ रेट्स को ध्यान में रखते हुए, थोक जमा पर अलग यानी ‘डिफरेंशियल’ ब्याज दरें तय करने की पूरी आजादी होगी. इससे बैंकों को अपनी नकदी मैनेज करने में अधिक लचीलापन मिलेगा.
हर दिन सुबह 10:10 बजे तक अपडेट करनी होगी ब्याज दरें
ग्राहकों के प्रति पारदर्शिता बढ़ाने के लिए केंद्रीय बैंक ने सख्त रुख अपनाया है. अब बैंक मनमाने ढंग से पिछले दरवाजे से ब्याज दरों में गुपचुप बदलाव नहीं कर सकेंगे.
- क्या है नया नियम: 1 अक्टूबर से सभी बैंकों को अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर हर वर्किंग डे की सुबह 10:00 बजे तक बल्क एफडी पर दी जाने वाली ब्याज दरों को अनिवार्य रूप से लाइव करना होगा.
- 10 मिनट का ग्रेस पीरियड: आरबीआई ने बैंकों को 10 मिनट का अतिरिक्त समय दिया है, यानी किसी भी परिस्थिति में सुबह 10:10 बजे तक नई ब्याज दरों की घोषणा वेबसाइट पर हो जानी चाहिए.
एक ही बैंक की सभी शाखाओं में मिलेंगी एक जैसी दरें
अक्सर देखा जाता था कि कुछ बैंक अपनी अलग-अलग ब्रांचों में खास ग्राहकों या मोलभाव के आधार पर एक ही अवधि की एफडी पर अलग-अलग ब्याज दर ऑफर कर देते थे. नए नियमों के बाद इस पर पूरी तरह रोक लग जाएगी.
क्या है नया नियम: केंद्रीय बैंक ने साफ निर्देश दिया है कि एक ही तारीख को स्वीकार की गई समान राशि और समान अवधि की फिक्स्ड डिपॉजिट पर देश भर की सभी शाखाओं में एकसमान ब्याज दर दी जाएगी. इसमें किसी भी ग्राहक के साथ किसी भी स्तर पर कोई भेदभाव नहीं किया जा सकेगा.
आम निवेशकों पर क्या होगा इसका असर?
अगर आप एक छोटे या रिटेल निवेशक हैं (जो 3 करोड़ रुपये से कम की एफडी कराते हैं), तो आपके लिए राहत की बात यह है कि आपकी ब्याज दरों पर इसका कोई सीधा या नकारात्मक असर नहीं पड़ेगा. यह नियम मुख्य रूप से बड़े संस्थागत निवेशकों और कॉरपोरेट्स को प्रभावित करेगा.
हालांकि, इस फैसले से बैंकिंग प्रणाली में पारदर्शिता और एकरूपता आएगी, जिसका फायदा हर छोटे-बड़े निवेशक को मिलेगा. अब आप घर बैठे ही किसी भी बैंक की वेबसाइट पर जाकर एकदम सटीक और लाइव ब्याज दरों की तुलना कर सकेंगे. साथ ही, अगर आपने 1 अक्टूबर 2026 से पहले कोई एफडी करा रखी है, तो वह पहले से तय शर्तों और पुराने ब्याज दर पर ही मैच्योर होगी, उसमें कोई बदलाव नहीं किया जाएगा.
वरिष्ठ नागरिकों के लिए एफडी अभी भी 8 से 9 फीसदी तक के ‘जीरो रिस्क’ और जोरदार रिटर्न के साथ निवेश का सबसे पसंदीदा विकल्प बनी रहेगी.
You may also like
-
फिल्मों से 5 साल में ₹1,759 करोड़ का निवेश, शूटिंग लोकेशन से सिनेमा हब की ओर बढ़ा उत्तराखंड!
-
हरिद्वार तक पहुंची MBBS फर्जी प्रमाणपत्र मामले में SIT जांच, स्वतंत्रता सेनानी कोटे से फेक सर्टिफिकेट बनाने का है आरोप
-
उत्तराखंड की 1 राज्यसभा सीट पर चुनाव की तारीख घोषित, जानिए डेट और किसका टर्म हो रहा पूरा
-
हरीश रावत की वापसी पर सियासत तेज, कांग्रेस ने बताया अनुभव का लाभ, BJP बोली पार्टी ने हाशिये पर डाला
-
उत्तराखंड प्रीमियर लीग 2026 का धमाकेदार आगाज, बॉलीवुड अभिनेत्री वाणी कपूर ने बिखेरा जलवा
