लक्सर कोतवाली में मचा हड़कंप, बाइक पर आए शख्स ने खुद को लगा ली आग, बताया ये कारण

जिस शख्स ने खुद को आग लगाई उसने दो बार अपने बयान बदले हैं, पुलिस दोनों बयानों के आधार पर मामले की जांच कर रही

लक्सर: हरिद्वार जिले की लक्सर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक व्यक्ति ने आत्महत्या की कोशिश की. इस शख्स ने थाने के प्रवेश द्वार पर ही खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली. थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए हवालात के कंबल डालकर आग को तुरंत बुझाया और उसकी जान बचाई. व्यक्ति आंशिक रूप से झुलस गया है, जिसे उपचार के लिए सीएचसी लक्सर भेजा गया है.

काले रंग की बाइक पर तेल में भीगकर आया था: जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम एक अज्ञात व्यक्ति काले रंग की मोटरसाइकिल, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर UK 08 BH 0865 है, पर सवार होकर थाने पर आया. वह पहले से ही अपने शरीर पर तेल जैसा ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर पूरी तरह भीगा हुआ था.

थाने के प्रवेश द्वार के बायीं तरफ अपनी मोटरसाइकिल खड़ी कर उसने अपने साथ लाई माचिस से खुद को आग लगा दी. यह देख थाना कार्यालय में दिवसाधिकारी उप निरीक्षक रोहित कुमार ने पुलिस टीम के साथ तुरंत दौड़कर हवालाती कंबल डालकर आग बुझाई. तब तक वह व्यक्ति आंशिक रूप से झुलस चुका था.

मौके पर मौजूद प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी ने अन्य कर्मचारीगणों और शिकायतकर्ताओं के समक्ष उससे नाम-पता पूछा तो उसने अपना नाम नारायण उर्फ नीटू पुत्र तेजपाल, निवासी मुंडाखेड़ा खुर्द बताया.

पहले बताया- भाई ने जमीन का फर्जी बैनामा करा दिया: शुरू में आग लगाने का कारण पूछे जाने पर नारायण ने बताया कि उसका अपने भाई के साथ जमीन का विवाद चल रहा है. उसके भाई ने उसकी जमीन का फर्जी तरीके से बैनामा करा दिया है. सोमवार को गांव में इस मामले को लेकर पंचायत भी हुई थी, लेकिन किसी ने उसका साथ नहीं दिया. जब उससे पूछा गया कि क्या इस संबंध में उसने थाने पर कोई शिकायत दी है, तो उसने इंकार कर दिया.

इसके बाद पुलिस ने तत्काल उप निरीक्षक शहजाद अली और उप निरीक्षक यशबीर सिंह नेगी के साथ उसे निजी वाहन में लिटाकर उपचार के लिए सरकारी अस्पताल सीएचसी लक्सर भिजवाया. इस प्रकरण की जांच वरिष्ठ उप निरीक्षक राजेश बिष्ट को सौंपी गई है और सूचना उच्चाधिकारियों को उचित माध्यम से दे दी गई है.

अस्पताल में बदला बयान, साले पर लगाया 30 लाख हड़पने का आरोप: इस मामले में नया मोड़ तब आया जब प्राथमिक चिकित्सालय लक्सर में तहसीलदार लक्सर के समक्ष दिए गए अपने डाइंग डिक्लेरेशन में नारायण उर्फ नीटू ने दूसरा कारण बताया.

उसने तहसीलदार को बताया कि उसने खुद पर डीजल डालकर आग लगाई है. उसके साले ईश्वर सिंह ने उससे 30 लाख रुपये नकद लिए थे. उसने अपने साले से कहा कि मेरे पैसे वापस कर दो या उसके बदले जमीन दे दो, तो उसके साले ने कहा कि कहीं जाकर मर जा. नारायण ने डिक्लेरेशन में कहा कि उसने अपने साले और एक अन्य व्यक्ति से परेशान होकर यह कदम उठाया है. पुलिस अब दोनों बयानों को ध्यान में रखकर मामले की गहनता से जांच कर रही है.

उप निरीक्षक शहजाद अली ने बताया कि-

थाने के प्रवेश द्वार पर एक व्यक्ति ने खुद को आग लगा ली. हम लोगों की तत्परता से उसकी जान बच गई. पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है. जांच के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी.-शहजाद अली, उप निरीक्षक-

Categories