उत्तरकाशी में भालू के हमले से स्थानीय लोग दहशत में हैं. लोगों ने वन विभाग से निजात दिलाने की मांग की.
उत्तरकाशी: जनपद में भालू के हमलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. रविवार को जिले के दो अलग-अलग विकासखंडों में भालू ने एक युवक और एक महिला पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया. मोरी के जखोल गांव में बगीचे की ओर जा रहे युवक पर भालू ने हमला किया, जबकि डुण्डा के ठांडी गांव में छानी से घर लौट रही महिला को भालू ने अपना निशाना बनाया. महिला की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद देहरादून रेफर कर दिया. एक ही दिन में हुई दो घटनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का माहौल है.
रविवार सुबह सुपिन रेंज मोरी के अंतर्गत जखोल गांव निवासी अभिषेक पुत्र सुबीलाल अपने बगीचे की ओर जा रहा था. इसी दौरान रास्ते में अचानक भालू ने उन पर हमला कर दिया. युवक की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे भालू के चंगुल से बचाया. इसके बाद ग्रामीण घायल अभिषेक को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) मोरी ले गए, जहां उनका उपचार चल रहा है. वहीं, दूसरी घटना देर शाम विकासखंड डुण्डा के ठांडी गांव में हुई. यहां मकनी देवी अपनी छानी से घर लौट रही थीं.
इसी दौरान रास्ते में घात लगाए बैठे भालू ने उस पर हमला कर दिया. हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं. घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और महिला को किसी तरह जिला अस्पताल उत्तरकाशी पहुंचाया. यहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए देहरादून रेफर कर दिया. एक ही दिन में दो अलग-अलग क्षेत्रों में भालू के हमलों की घटनाओं से ग्रामीणों में भय के साथ आक्रोश भी है.
ग्रामीणों का कहना है कि जंगल से सटे गांवों में लोग रोजमर्रा के कामों के लिए घरों से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं. खेतों, बगीचों और छानियों तक जाना जोखिम भरा हो गया है. इसके बावजूद वन विभाग की ओर से सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं. ग्रामीणों ने वन विभाग से प्रभावित क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाने, भालू की गतिविधियों पर नजर रखने और लोगों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है. साथ ही संवेदनशील गांवों में वन विभाग की टीम तैनात करने की मांग भी उठाई है.
वन्यजीव पशु विहार की उप निदेशक निधि सेमवाल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया. उन्होंने बताया कि क्षेत्र में वन विभाग की गश्त बढ़ा दी गई है. सर्दियों में भोजन की तलाश में वन्यजीव आबादी की ओर रुख करते हैं. ऐसे में ग्रामीण जंगल और बगीचों की ओर अकेले जाने से बचें तथा सुबह-शाम और रात के समय विशेष सतर्कता बरतें. उन्होंने ग्रामीणों से वन्यजीवों की गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल विभाग को सूचना देने की अपील की. वहीं, जखोल की घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रभावित क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाने और वन्यजीवों की आबादी की ओर आवाजाही रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की.
You may also like
-
उत्तराखंड की यह औषधि कैंसर के उपचार में कारगर; लखनऊ विश्वविद्यालय के शोध से जगी उम्मीद
-
उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा: गहरी खाई में गिरी बस, 9 यात्रियों की मौत, 25 घायल
-
उत्तराखंड में 8 घंटे में दो बड़े सड़क हादसे, टिहरी और रुद्रप्रयाग में 13 लोगों की गई जान, 31 घायल, राष्ट्रपति-पीएम ने जताया दुख
-
Ramoji Excellence Awards 2026: रामोजी राव की 90वीं जयंती पर विजयवाड़ा में नौ अचीवर्स को किया गया सम्मानित
-
उत्तराखंड में रामायण काल की विरासत ‘श्रृंग ऋषि आश्रम’, इस पहल से मिलेगी नई पहचान, बनेगा नया धार्मिक पर्यटन
