झबरेड़ा में भीषण हादसा, ट्रैक्टर ने बाइक को रौंदा, शादी से लौट रहे दो भाइयों की मौत, एक घायल

बाइक सवार तीन युवक यूपी से शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे, मृतकों में ममेरे और फुफुरे भाइयों की दर्दनाक मौत

रुड़की: हरिद्वार जिले के झबरेड़ा थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसा हुआ है. हादसे में बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई. एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. तीनों युवक शादी समारोह से अपने घर वापस लौट रहे थे. मृतकों की पहचान बहादराबाद थाना क्षेत्र के रुहालकी गांव निवासी के रूप में हुई है. घायल युवक मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के जैनपुर गांव का निवासी है.

झबरेड़ा में भीषण सड़क हादसा: दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां से उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. उधर युवकों की मौत की खबर मिलने के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और उनके परिजनों में कोहराम मच गया.

शादी से लौट रहे युवकों की बाइक को ट्रैक्टर ने मारी टक्कर: जानकारी के मुताबिक (18 वर्षीय) शुभम पुत्र राधेश्याम और (19 वर्षीय) मोनू पुत्र सुभाष, जो आपस में ममेरे-फुफेरे भाई थे, बताया गया है कि वह अपने एक रिश्तेदार आदित्य निवासी जैनपुर लंढोरा कोतवाली मंगलौर के साथ बाइक पर सवार होकर (उत्तर प्रदेश) के देवबंद क्षेत्र के फतेहपुर गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए गए थे. 21 अप्रैल मंगलवार की देर शाम तीनों युवक वापस अपने गांव लौट रहे थे.

सड़क हादसे में दो युवकों की मौत: जैसे ही वह झबरेड़ा थाना क्षेत्र के लखनोता चौराहे के पास पहुंचे, तो इसी दौरान सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर-बुग्गी से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भयंकर थी कि बाइक पर सवार ममेरे और फुफेरे भाई की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि आदित्य गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक अपना वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया.

राहगीरों ने दी पुलिस को सूचना: हादसा होते ही मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई. राहगीरों द्वारा घटना की जानकारी पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल में भिजवाया गया. इसी के साथ पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया.

घायल की हालत नाजुक हायर सेंटर रेफर: बताया गया है कि घायल युवक को अस्पताल के चिकित्सकों ने उसकी हालत को नाजुक मानते हुए हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया. उधर, घटना की खबर जैसे ही मृतकों के गांव और परिजनों तक पहुंची तो खुशियों का माहौल पलभर में मातम में तब्दील हो गया. मृतकों के परिजन और ग्रामीण रुड़की के सिविल अस्पताल पहुंचे जहां पर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया. वहीं युवकों की मौत के बाद पूरे क्षेत्र में गमगीन माहौल बना हुआ है. फिलहाल पुलिस ने ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है.