गुरुवार 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खुल गए हैं, सीएम धामी ने पीएम मोदी के नाम से महाभिषेक पूजा की
चमोली: भगवान श्री बदरीनाथ के कपाट गुरुवार प्रातः 6 बजकर 15 मिनट पर विधिविधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ ग्रीष्मकाल हेतु श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए. कपाट खुलते ही पूरा बदरीनाथ धाम भक्ति और श्रद्धा के भाव से सराबोर हो उठा. धाम में पहली पूजा सीएम धामी ने पीएम मोदी के नाम की संपन्न कराई. इस पावन अवसर पर देश-विदेश से पहुंचे 15 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने भगवान बदरी विशाल एवं अखंड ज्योति के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया.
बदरीनाथ में पीएम मोदी के नाम की हुई पहली पूजा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कपाट उद्घाटन के शुभ अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से पहली महाभिषेक पूजा संपन्न कर देश एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की. इस दौरान मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर स्थित लक्ष्मी मंदिर, गणेश मंदिर तथा आदि गुरु शंकराचार्य गद्दी सहित अन्य मंदिरों में विधिवत पूजा-अर्चना की.
सीएम धामी ने यात्रा व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया: मुख्यमंत्री ने धाम पहुंचे तीर्थयात्रियों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए यात्रा व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया. उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं.
श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर अनुभव सुनिश्चित करने हेतु हर स्तर पर व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया गया है. मुख्यमंत्री ने देश विदेश से आने वाले सभी श्रद्धालुओं से हरित एवं स्वच्छ चारधाम यात्रा में सहयोग करने का आह्वान करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया.
चारधाम यात्रा के शुभारंभ के साथ ही बदरीनाथ धाम में आस्था, परंपरा और सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं का अद्भुत संगम देखने को मिला, जो श्रद्धालुओं के लिए एक दिव्य और यादगार अनुभव बनेगा.
लोक संस्कृति की झलक, बदरीनाथ धाम में गूंजे जागर: कपाट खुलने के इस ऐतिहासिक अवसर पर माणा एवं बामणी गांव की महिलाओं ने पारंपरिक जागरों के साथ मंदिर प्रांगण में झुमैलो नृत्य प्रस्तुत किया, जिससे संपूर्ण वातावरण लोक संस्कृति और आस्था के रंग में रंग गया. वहीं देश के विभिन्न हिस्सों से आए श्रद्धालुओं ने भी भजन-कीर्तन कर अपनी श्रद्धा अर्पित की.
You may also like
-
केरल में भारी बारिश से अचानक आई बाढ़, भूस्खलन का कहर, 6 की मौत, CM ने हर घंटे निगरानी के दिए आदेश
-
उत्तराखंड में बारिश से ‘अन्नदाताओं’ को भारी नुकसान, 41 हेक्टेयर फसल बर्बाद, रिपोर्ट ने बढ़ाई चिंता
-
देहरादून: महिला की गोली मारकर हत्या, पुलिस को फोन कर पति ने दी जानकारी, फिर फोन ऑफ कर फरार
-
हरिद्वार श्रद्धा भक्ति आश्रम हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई, STF ने बागपत से दबोचा 50 हजार का इनामी
-
गले में अजगर डालकर सड़कों पर घूमा युवक, पोस्टमार्टम हाउस में घुसा तो मची अफरा-तफरी, जांच में जुटा वन विभाग
