तेंदुए के बाइक से टकराने की घटना भीमताल के खुटानी इलाके की है, बाइक में फंसे तेंदुए का वन विभाग ने रेस्क्यू किया
नैनीताल: भीमताल क्षेत्र में देर रात एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई. खुटानी इलाके में सड़क पार कर रहा एक तेंदुआ (Leopard) अचानक एक चलती बाइक से टकरा गया. टक्कर इतनी अचानक और तेज थी कि बाइक सवार संतुलन खो बैठा और सड़क पर गिर गया. इस दौरान तेंदुआ बाइक में ही फंस गया. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. बाइक के पास घायल अवस्था में तेंदुआ देखकर चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए अपनी पत्नी के साथ तुरंत पास की एक दुकान में घुसकर जान बचाई.
टक्कर के बाद बाइक में फंसा तेंदुआ: प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ समय तक तेंदुआ बाइक में फंसा रहा और घायल होने के कारण उठने की कोशिश करता रहा. सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने वन विभाग को घटना की जानकारी दी. इस दौरान रोड पर लंबा जाम लग गया. हर कोई तेंदुए की तस्वीर अपने मोबाइल में कैद करना चाहता था.
वन क्षेत्राधिकारी विजय मेलकानी ने बताया कि तेंदुए के बाइक से टकराने की सूचना मिली. मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल वन विभाग की टीम को मौके पर रवाना किया गया. साथ ही घायल तेंदुए को सुरक्षित निकालने के लिए रानीबाग से विशेष रेस्क्यू टीम भी बुलाई गई.
वन विभाग की टीम ने तेंदुए को रेस्क्यू किया: वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर तेंदुए को रेस्क्यू किया और स्थिति को नियंत्रण में लिया. तेंदुए को रानीबाग रेस्क्यू सेंटर भेजा गया है. इस घटना के बाद एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की मांग की है.
मंदिर से लौट रहे थे पति-पत्नी: स्थानीय लोगों ने बताया जिस व्यक्ति की बाइक से तेंदुआ टकराया, वह अपनी पत्नी के साथ स्थानीय मंदिर से वापस घर की तरफ लौट रहा था. इसी दौरान तेजी से सड़क पार कर रहा तेंदुआ उनकी बाइक से टकरा गया. गनीमत रही कि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल नहीं हुए और गुलदार की पकड़ में नहीं आए.
भदूणी गांव में बाघ ट्रेंक्यूलाइज: वहीं बीते दिनों भदूणी गांव में बाघ द्वारा कमल नामक युवक पर किए गए हमले के बाद हुई मौत की घटना के बाद गांव में लगातार गश्त बढ़ाई गई थी. देर रात वन विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी. वन विभाग की टीम ने ज्योली गांव से एक बाघ को ट्रेंक्यूलाइज कर पिंजरे में कैद किया है.
बाघ की होगी डीएनए जांच: स्थानीय लोगों से देर शाम गांव में बाघ होने की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. वन विभाग की टीम ने आबादी वाले क्षेत्र के पास बाघ को देखा जिसे तत्काल ट्रेंकुलाइज कर लिया. ब्लॉक प्रमुख डॉ हरीश बिष्ट ने बताया कि बाग को वन विभाग की टीम ने पकड़ा है. अब उसे रानीबाग स्थित रेस्क्यू सेंटर ले जाया गया है. वन विभाग के रेंजर ने बताया कि जो बाघ वन विभाग ने आज पकड़ा है, उसके डीएनए सैंपल भी लिए जाएंगे. इसके बाद पता चलेगा बीते दिनों क्षेत्र में हुई घटना में बाघ संलिप्त था या नहीं.
You may also like
-
18 अगस्त को लॉन्च हो सकती है 2026 Skoda Slavia फेसलिफ्ट, डिजाइन और फीचर्स में होंगे अपडेट
-
सावन में आस्था का अद्भुत संगम! मां अलकनंदा ने किया कोटेश्वर महादेव का जलाभिषेक, गुफा तक पहुंची नदी
-
बारिश का कहर! रुद्रप्रयाग में डेंजर लेवल के पास अलकनंदा, केदारनाथ यात्रा प्रभावित, मसूरी में मलबे में समाया रेस्टोरेंट
-
देहरादून में 16 करोड़ का पुल 16 दिन में ध्वस्त, पहली बारिश ही नहीं झेल सका, डीएम ने दिए कार्रवाई के निर्देश
-
Alert issued for very heavy rainfall in Uttarakhand; Char Dham Yatra suspended for two days; risk of flash floods.