सितारगंज टनकपुर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, कार और बाइक की भिड़ंत के बाद लगी आग, दो युवकों की मौत

उत्तराखंड में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहा है. सितारगंज टनकपुर हाईवे पर सड़क हादसे में दो युवक की मौत हो गई.

खटीमा: उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के सितारगंज से दर्दनाक सड़क हादसे हुआ है. बिडोरा मझोला बाजार में टैक्सी कार और बाइक की भीषण टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई. हादसे में बाइक सवार दो युवक की मौत हो गई. घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया. घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

उधम सिंह नगर जिले के सितारगंज-टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. जिसे तत्काल नजदीकी हॉस्पिटल में भर्ती किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. बिडोरा मझोला बाजार स्थित हनुमान मंदिर के पास टैक्सी कार और बाइक की आमने-सामने की भीषण भिड़ंत के बाद पूरे क्षेत्र में अफरातफरी मच गई. प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 8:30 बजे बिडोरा मझोला बाजार में तेज रफ्तार टैक्सी कार और बाइक की जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में आग लग गई.

आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायल बाइक सवार दोनों युवकों को सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और घटना की सूचना पुलिस व 108 एंबुलेंस सेवा को दी गई. घायलों को उपजिला चिकित्सालय सितारगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद एक युवक को मृत घोषित कर दिया. वहीं दूसरे युवक ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंची तथा मामले की जांच शुरू कर दी. फिलहाल पुलिस युवकों की शिनाख्त में जुटी हुई है.

पुलिस युवकों शिनाख्त करने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, साथ ही परिजनों का पता लगाने का प्रयास कर रही है. बताया जा रहा है कि हादसे के बाद टैक्सी कार चालक मौके से फरार हो गया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार सीएनजी से संचालित थी और प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण यही माना जा रहा है. पुलिस फरार चालक की तलाश के साथ-साथ दुर्घटना के कारणों की भी जांच कर रही है. वहीं सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम ने भी घटनास्थल पहुंचकर जलती कार व बाइक की आग पर बुझाने का काम किया है.