नहाने के दौरान यमुना नदी में एक मजदूर बह गया, लेकिन गनीमत रही कि मजदूर नदी के बीच पत्थर में फंस गया.
उत्तरकाशी: उत्तराखंड में भारी बारिश से नदी नाले उफान पर बह रहे हैं. पुलिस-प्रशासन की चेतावनी को भी लोग अनदेखा कर रहे हैं. वहीं उत्तरकाशी जिले के यमुनोत्री रोड पर खरादी क्षेत्र में यमुना नदी के तेज बहाव के बीच एक मजदूर फंस गया. जिसे SDRF की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बचा लिया. घटना के दौरान नदी में बह रहा युवक किसी तरह बीच नदी में स्थित एक चट्टान को पकड़कर उसके ऊपर चढ़ गया था.
बड़कोट को स्थानीय व्यक्ति के माध्यम से सूचना मिली कि खरादी क्षेत्र में एक व्यक्ति यमुना नदी के बीच फंसा हुआ है. सूचना मिलते ही सब इंस्पेक्टर आशुतोष चौहान के नेतृत्व में SDRF टीम महज कुछ मिनटों में आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हो गई. घटनास्थल पर SDRF टीम ने देखा कि नदी के बीच एक व्यक्ति तेज बहाव के बीच चट्टान पर फंसा हुआ है.
पूछताछ में उसकी पहचान सुजीत यादव पुत्र नरेश यादव, निवासी ग्राम पुरंदरपुर, थाना नौतन, जिला बेतिया, बिहार के रूप में हुई. सुजीत यादव पेशे से मजदूरी करता है. बताया गया कि सुजीत यमुना नदी में स्नान कर रहा था. इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में बहने लगा.
जान बचाने की कोशिश में उसने नदी के बीच एक चट्टान को पकड़ लिया और उस पर चढ़ गया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना SDRF को दी. SDRF टीम ने मौके पर पहुंचकर त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाते हुए युवक को नदी के तेज बहाव से सुरक्षित बाहर निकाल लिया. रेस्क्यू के बाद युवक को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया.
गौर हो कि उत्तराखंड में भारी बारिश का दौर जारी है. भारी बारिश से प्रदेश के कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हो गया है. कई संपर्क मार्ग भूस्खलन से लगातार बाधित हो रहे हैं. जिससे लोगों को अतिरिक्त दूरी नापनी पड़ रही है. भूस्खलन की वजह से कई मकान जमींदोज हो गए हैं और कई मकान भूस्खलन की जद में हैं. वहीं मौसम विभाग द्वारा लंबे समय से अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क किया जा रहा है. साथ ही राहत बचाव टीम को एक्टिव मोड पर रखा गया है.
You may also like
-
iPhone Duo 2 पर काम कर रही Apple, बाहरी स्क्रीन पर मिलेगा Face ID और एक्शन बटन: रिपोर्ट
-
रुद्रपुर में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार मामा-भांजे को रौंदा, दोनों की दर्दनाक मौत
-
उत्तराखंड में कांग्रेस न्याय यात्रा में गरजे दिग्गज नेता, धामी सरकार पर साधा निशाना
-
उत्तराखंड: पहाड़ में खेती को मिलेगी नई रफ्तार, जापान के 500 करोड़ से संवरेंगे 16 ब्लॉक
-
2028 तक भारत में होंगे भारतीय ब्रांड वाले स्मार्टफोन, अश्विनी वैष्णव ने किया बड़ा दावा
