नई Honda Rebel 300 के स्पेसिफिकेशन्स का खुलासा, जानें क्या है कीमत

Honda Motorcycle ने अपनी नई Honda Rebel 300 के स्पेसिफिकेशन का खुलासा कर दिया है. इसकी कीमत 2.22 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है.

हैदराबाद: दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी Honda Motorcycle & Scooter India Ltd ने कुछ समय पहले अपनी क्रूजर मोटरसाइकिल Honda Rebel 300 को लॉन्च किया था, लेकिन इसके स्पेसिफिकेशन्स का खुलासा नहीं किया था. अपनी कंपनी ने इसके सभी स्पेसिफिकेशन्स का खुलासा कर दिया है.

गौरतलब है कि इस साल अगस्त में नई Honda Rebel 300 को भारत में उतारा गया था, और इसे कुल दो वेरिएंट्स – स्टैंडर्ड और ई-क्लच – में पेश किया गया है. इस बाइक की शुरुआती कीमत 2.22 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है. कंपनी लॉन्च के साथ ही नई Honda Rebel 300 की बुकिंग स्वीकार कर रही है, हालांकि इसकी डिलीवरी अभी शुरू नहीं हुई है.

नई Honda Rebel 300 का इंजन
इस बाइक के इंजन की बात करें तो नई Honda Rebel 300 में 286cc का लिक्विड-कूल्ड, सिंगल-सिलेंडर इंजन इस्तेमाल किया गया है. यह इंजन 8000 rpm पर 27.2 bhp की पावर और 6250 rpm पर 24.5 Nm का अधिकतम टॉर्क उत्पन्न करता है. इसके स्टैंडर्ड वेरिएंट में इस इंजन को 6-स्पीड गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गाय है, जिसमें असिस्ट और स्लिपर क्लच का फीचर भी मिलता है.

वहीं इसके E-Tech वेरिएंट की बात करें तो इस मॉडल में भी लगभग वही हार्डवेयर इस्तेमाल किया गया है, हालांकि इसमें स्टैंडर्ड गियरबॉक्स की जगह पर Honda की ‘E-Tech क्लचलेस गियर शिफ्ट’ तकनीक को जोड़ा गया है. इसकी खास बात यह है कि इसकी मदद से, राइडर को गियर बदलने के लिए क्लच का इस्तेमाल करने की ज़रूरत नहीं पड़ती.

नई Honda Rebel 300 का डाइमेंशन और वजन
बाइक के आकार की बात करें तो नई Honda Rebel 300 की लंबाई 2,200 mm, चौड़ाई 808 mm और ऊंचाई 1,125 mm है. वहीं, इसका व्हीलबेस 1,506 mm है. अपने बॉबर-स्टाइल लुक के कारण, Honda Rebel 300 में 690 mm की कम सीट हाइट दी गई है, जबकि इसका ग्राउंड क्लीयरेंस 129 mm है.

बाइक के वज़न की बात करें तो, Honda Rebel 300 स्टैंडर्ड का वज़न 173 kg है, जबकि ई-क्लच वाले मॉडल का वज़न 176 kg रखा गया है, क्योंकि इसमें ई-क्लच सिस्टम से जुड़े अतिरिक्त मैकेनिकल पार्ट्स लगाए गए हैं.

नई Honda Rebel 300 के हार्डवेयर
Honda ने अपनी Rebel 300 के साइकिल पार्ट्स को काफी सरल रखा है. सस्पेंशन के लिए इस बाइक में आगे की तरफ टेलिस्कोपिक फोर्क और पीछे की तरफ ट्विन शॉक इस्तेमाल किए गए हैं, जबकि ब्रेकिंग के लिए इस बाइक में दोनों तरफ डिस्क ब्रेक का इस्तेमाल किया गया है.

इस बाइक में डुअल-चैनल ABS स्टैंडर्ड के तौर पर दिया गया है. इस बाइक में आगे और पीछे दोनों तरफ 16-इंच के व्हील लगाए गए हैं, और आगे 130/90 सेक्शन का टायर मिलता है, जबकि पीछे 150/80 सेक्शन का टायर दिया गया है.

नई Honda Rebel 300 के फीचर्स
बाइक में मिलने वाले फीचर्स की बात करें तो नई Rebel 300 में स्टैंडर्ड तौर पर ब्लूटूथ कनेक्टिविटी के साथ एक TFT इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया गया है. इस क्लस्टर को ‘Honda RoadSync’ ऐप के जरिए यूजर के स्मार्टफोन से कनेक्ट किया जा सकता है.

इसमें टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन जैसे फीचर्स का इस्तेमाल किया जा सकता है. Honda Rebel 300 में स्टैंडर्ड तौर पर LED प्रोजेक्टर हेडलैंप और LED टेललाइट का भी इस्तेमाल किया गया है, और साथ ही स्मार्टफोन चार्ज करने के लिए इसमें एक USB टाइप-C पोर्ट भी दिया गया है.

Categories