भारत और न्यूजीलैंड रग्बी टीमों में महामुकाबला आज, दोनों देशों के खेल संबंधों के 100 वर्ष पूरे

राजगीर में आज भिड़ेंगी भारत और न्यूजीलैंड की रग्बी टीमें, 100 साल के खेल संबंधों का मनेगा जश्न. रिपोर्ट-मोहम्मद महमूद आलम

नालंदा: भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेल संबंधों के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आज बिहार के अंतर्राष्ट्रीय खेल परिसर राजगीर एथलेटिक स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड माओरी के बीच अंडर-20 रग्बी सेवेंस सीरीज का आयोजन किया जा रहा है. शाम 4 बजे से शुरू होने वाले इस अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट में दोनों देशों की पुरुष और महिला टीमें अपना दमखम दिखाएंगी.

मिक्स्ड टीमों के बीच भी मैत्री मुकाबले

इसके अलावा दोनों देशों के खिलाड़ियों की मिलाकर बनाई गई मिक्स्ड टीमों के बीच भी मैत्री मुकाबले खेले जाएंगे. कार्यक्रम की शुरुआत शाम 4 बजे अतिथियों के स्वागत से होगी. भारतीय रग्बी फुटबॉल संघ के अध्यक्ष सह अभिनेता राहुल बोस सभी मुख्य अतिथियों को सम्मानित करेंगे.

भारत-न्यूजीलैंड रग्बी सीरीज

शाम 4:05 बजे न्यूजीलैंड और भारतीय पुरुष टीमें मैदान पर उतरेंगी. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और अन्य अतिथि खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर उनका उत्साह बढ़ाएंगे. दोनों देशों के राष्ट्रगान के बाद शाम 4:12 बजे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भारत-न्यूजीलैंड रग्बी सीरीज के उद्घाटन की औपचारिक घोषणा करेंगे.

पारंपरिक ‘हाका’ नृत्य और मुख्य मुकाबले

मैच शुरू होने से ठीक पहले शाम 4:18 बजे न्यूजीलैंड माओरी की पुरुष टीम मैदान पर अपने विश्व प्रसिद्ध पारंपरिक ‘हाका’ की प्रस्तुति देगी. शाम 4:20 से 4:40 बजे तक भारत और न्यूजीलैंड की अंडर-20 पुरुष टीमों के बीच मुकाबला खेला जाएगा. मैच के तुरंत बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दोनों टीमों के खिलाड़ियों को स्मारक पदक देकर सम्मानित करेंगे. महिला टीम के ‘हाका’ प्रदर्शन के साथ 5:15 से 5:35 बजे तक दोनों देशों की अंडर-20 महिला टीमों की भिड़ंत होगी.

अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट (ETV Bharat)

‘यूनिटी सेवेंस’ बनाम ‘सेंटेनरी सेवेंस’ मिक्स्ड मैच

शाम 5:45 बजे से एक विशेष सेगमेंट शुरू होगा, जिसमें दोनों देशों के खिलाड़ियों को मिलाकर बनी दो मिक्स्ड टीमों ‘यूनिटी सेवेंस’ और ‘सेंटेनरी सेवेंस’ के बीच मुकाबले होंगे. मैच से पहले लाइव विजुअल्स के जरिए दोनों टीमों की खास जर्सी के डिजाइन के महत्व को दिखाया जाएगा. शाम 5:52 से 6:12 बजे तक पुरुष मिक्स्ड टीम और 6:15 से 6:35 बजे तक महिला मिक्स्ड टीम का मैच खेला जाएगा.

1926 में पड़ी थी खेल संबंधों की नींव
भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेल संबंधों की शुरुआत वर्ष 1926 में न्यूजीलैंड में भारतीय सेना की हॉकी टीम के दौरे से हुई थी. सौ साल पूरे होने पर आयोजित यह टूर्नामेंट दोनों देशों के ऐतिहासिक खेल संबंधों को मजबूत करने के साथ युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करेगा.

फ्रेंडशिप शील्ड देकर होगा समापन
शाम 6:50 बजे से पुरस्कार वितरण व समापन समारोह शुरू होगा. इसमें केंद्रीय खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे, बिहार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, न्यूजीलैंड के कार्यवाहक उच्चायुक्त मैट आयर्स, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और डीजीपी प्रीता वर्मा शामिल होंगी. अतिथियों द्वारा महिला टीमों को मेडल देने के बाद, भारत और न्यूजीलैंड दोनों देशों की पुरुष व महिला टीमों को विशेष रूप से तैयार की गई ‘फ्रेंडशिप शील्ड’ भेंट की जाएगी.

न्यूजीलैंड के 30 सदस्यीय दल में 24 युवा माओरी खिलाड़ी शामिल हैं, जिनमें 12 खिलाड़ियों की पुरुष टीम को ‘तामा टोआ’ (Tama Toa) और 12 खिलाड़ियों की महिला टीम को ‘हिने टोआ’ (Hine Toa) नाम दिया गया है. जिनके साथ 6 सदस्यीय प्रबंधन टीम भी है. वहीं, भारतीय खेमे में 16 बालक और 16 बालिका खिलाड़ियों समेत कुल 32 खिलाड़ी और 8 प्रबंधन सदस्य (कुल 40 सदस्य) शामिल हैं.

भारत-न्यूजीलैंड U20 रग्बी सीरीज के लिए भारतीय U20 टीमें

पुरुष टीम

अजीत नाग, अमन, अरुण प्रजापति, बजरंगी कुमार, भरत किसान, विद्याधर माझी, चरण हेम्ब्रम, नमन यादव, प्रणव गावित, पुष्पेंद्र, राहुल माझी, राजन रावत, रोहित कुमार, सागर प्रकाश, शिवम, सुभाष हांसदा.

महिला टीम

अक्षया एन.एस., अल्पना कुमारी, अनीता मुर्मू, अनुष्का सकांल, आरती कुमारी, ब्यूटी कुमारी, दीपाली ताथे, खुशी देवी, कीर्ति जाधव, अदिति लोंढे, मामाली सिंह, रायमानी मुर्मू, सलोनी कुमारी, समृद्धि कदम, सुमित्रा मुर्मू, तनुश्री भोसले.

न्यूजीलैंड टीम में 24 युवा माओरी खिलाड़ी

न्यूजीलैंड की पुरुष टीम तामा तोआ और महिला टीम हिने तोआ में देश के विभिन्न क्षेत्रों से चुने गए कुल 24 युवा माओरी खिलाड़ी शामिल हैं. न्यूजीलैंड की U20 रग्बी टीमों का इस तरह की सीरीज के लिए भारत आना पहली बार है. राजगीर रग्बी के एक महत्वपूर्ण आयोजन स्थल के रूप में उभरा है. यहां अप्रैल 2026 में सीनियर नेशनल रग्बी चैंपियनशिप और अगस्त 2025 में एशिया रग्बी एमिरेट्स U-20 चैंपियनशिप आयोजित की गई थी.

राजगीर के लिए गर्व का पल

बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक-सह-सीईओ, रवींद्रण शंकरण, ने कहा कि भारत-न्यूजीलैंड U20 रग्बी सीरीज की मेजबानी करना बिहार और राजगीर के लिए गर्व का अवसर है. यह आयोजन प्रमुख खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी करने में राज्य की बढ़ती भूमिका को दर्शाता है. दोनों देशों के युवा खिलाड़ियों का स्वागत करना अंतर्राष्ट्रीय खेल संबंधों को मजबूत करने, सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने और बिहार के अधिक से अधिक युवाओं को रग्बी अपनाने के लिए प्रेरित करने का अवसर है.

“हम राज्य में खेलों के निरंतर विकास और खिलाड़ियों को प्रशिक्षण लेने, प्रतिस्पर्धा करने तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं. 100 साल पहले, न्यूजीलैंड और भारत ने दोनों देशों के बीच खेल संबंध स्थापित करके इतिहास रचा था. आज, 100 साल बाद, न्यूजीलैंड की पहली रग्बी टीम के भारत आने के साथ एक बार फिर इतिहास रचा जाएगा.”-रवींद्रण शंकरण, महानिदेशक, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण

Categories